2026-08-04 05:00:42
बिलासपुर। केमरी रोड पर सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पहले हादसे में रामपुर के ज्वालानगर निवासी 35 वर्षीय किरन चलती बाइक से अचानक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के समय उनके साथ चाचा राजेश कुमार और 11 वर्षीय बेटा करन भी बाइक पर सवार थे। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया गया कि किरन रुद्रपुर की एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं और शिव मंदिर के दर्शन कर लौट रही थीं। वहीं दूसरे हादसे में धावनी हसनपुर निवासी 50 वर्षीय उस्मान शाह की स्कूटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। एम्बुलेंस से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ. मणिक अग्रवाल ने बताया कि उस्मान शाह की गंभीर चोटों के कारण कई टांके लगाने पड़े। दोनों हादसों के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए।