2026-03-24 20:29:40
जिला जज, डीएम व एसपी ने जिला कारागार का किया आकस्मिक निरीक्षण बहराइच, 24 मार्च 2026। जनपद में कानून-व्यवस्था एवं बंदियों की सुविधाओं की समीक्षा के उद्देश्य से माननीय जिला जज श्री राजेश सिंह, जिलाधिकारी श्री अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैरकों, रसोई व अस्पताल का किया निरीक्षण अधिकारियों ने कारागार परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान पुरुष बैरक, महिला बैरक, बंदी पाकशाला, क्रीड़ास्थल एवं अस्पताल वार्ड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया गया। सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि कारागार का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही बंदियों की गतिविधियों की अद्यतन जानकारी समय-समय पर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए सभी सीसीटीवी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने तथा जेल मैनुअल के अनुसार सभी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।