2022-11-14 07:59:05
मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण खाली मैनपुरी लोकसभा सीट पर पांच दिसंबर को होने वाले उप चुनाव के लिए पार्टी ने पूर्व सांसद डिंपल यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। आज यानी सोमवार को मैनपुरी जिलाधिकारी कार्यालय में डिंपल यादव अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
मैनपुरी उप चुनाव
पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने सोमवार को नामांकन दाखिल करने से पहले पति अखिलेश यादव के साथ मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
डिंपल यादव ने नामांकन के लिए मैनपुरी रवाना होने से पहले इटावा के सैफई में सोमवार को नेताजी को नमन किया। डिंपल यादव ने अपने पति अखिलेश यादव के साथ पार्टी के दिवंगत संरक्षक मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जाकर उनको पुष्पांजलि अर्पित की। सैफई के मेला मैदान में मुलायम सिंह यादव की अंतिम संस्कार हुई थी। मुलायम सिंह यादव के समाधि स्थल पर नमन करने के बाद डिंपल यादव के साथ अखिलेश यादव सैफई से मैनपुरी के लिए हुए रवाना हो गए। आज डिंपल यादव अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी सीट पर भाजपा की तरफ से गैर यादव, गैर मुस्लिम वोटों को साधने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरेगी। समाजवादी पार्टी ने यहां अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है।
बीजेपी ने मैनपुरी लोकसभा के साथ रामपुर व खतौली विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव में सुशासन को मुख्य मुद्दा बनाने के साथ पूरी आक्रामकता से अपने राजनीतिक विरोधियों पर वार करेगी। मैनपुरी, रामपुर और खतौली, तीनों सीटों पर भाजपा और सपा गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।
मैनपुरी और रामपुर सीटों पर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी तो खतौली सीट उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल के खाते में गई है। भारतीय जनता पार्टी सभी जगह अब मोदी तथा योगी आदित्यनाथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को बताने के साथ मैनपुरी में मुलायम परिवार में फूट और रामपुर में मोहम्मद आजम खां की तुनकमिजाजी को भी जनता के बीच भुनाने की पुरजोर कोशिश करेगी। सपा ने जमीनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।