नशा एक गंभीर समस्या , निदान के लिए भाजपा सरकार निरंतर प्रयासरत लक्ष्मण सिंह यादव

नशा मुक्ति जागरूकता वाहन को झंडी दिखाकर किया रवाना
News

2026-02-03 15:10:17

रेवाड़ी। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से दो से आठ फरवरी तक चलाए जाने वाले नशा मुक्त भारत अभियान का आगाज सोमवार को सेक्टर चार स्थित त्रिमूर्ति भवन से किया गया। इस मौके पर रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर नशा मुक्ति जागरुकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा अभियान के दौरान आमजन व विद्यार्थियों को जागरुक करने वाले बीके बंधुओं को पटका व झंडा सुपुर्द कर सम्मान भी किया। त्रिमूर्ति भवन की मुख्य संचालिक बीके बृजेश बहन के मंच संचालन में आयोजित कार्यक्रम का आगाज मुख्य अतिथि समेत सभी अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का पटका, पुष्पगुच्छ व सौगात प्रदान कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक लक्ष्मण यादव ने संस्थान के इस अभियान व आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राजनीतिक एवं अध्यात्मिक शक्ति जब एक साथ मिलकर किसी कार्य की शुरुआत करते हैं तो निश्चित रूप से वह अंजाम तक अवश्य पहुंचता है। उन्होंने कहा कि नशे की दलदल में फंसकर अपने परिवार को बर्बाद करने तथा समय से पहले ही अपनी जीवन यात्रा को समाप्त कर लेने वाले लोगों के लिए यह अभियान एक संजीवनी का कार्य करेगा तथा उनसे इस अभियान में जो भी सहयोग हो पाएगा, वो पूरी ताकत के साथ कर इस अभियान को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि नशा वास्तव में आज के समय की एक गंभीर समस्या बन चुका है। जिसके निदान के लिए भाजपा सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर तथा वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ष नशा मुक्ति के लिए विशेष अभियान साइक्लोत्थान चलाती आ रही है। जिसके माध्यम से साइकिल यात्रा निकालकर आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने स्वयं इस अभियान का हिस्सा बनकर कई किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर आमजन को जागरुक किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बहनों और नारी शक्ति की असली ताकत को पहचान कर समाज में उन्हें उचित सम्मान एवं प्रतिनिधित्व देने का कार्य किया है।

इस अवसर पर नौनिहालों ने नशे के दुष्प्रभावों को बताते हुए नृत्य एवं नाटिका के माध्यम से सभी को जागरुक भी किया। कार्यक्रम के दौरान सभी को नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा दूसरों को जागरुक करने की शपथ भी दिलाई गई। संस्थान की ओर से नशा जागरुकता वाहन में नशा रुपी कुंभकर्ण की आकृति का विद्युत संचालित मॉडल भी दिखाया गया। त्रिमूर्ति केंद्र की प्रमुख संचालिक बीके बृजेश ने सभी अतिथियों का आभार जताया।

कार्यक्रम में ओआरसी से पहुंची बीके अनामिका, बीके प्रमिला फरुर्खनगर, कोसली से बीके निर्मला, शिक्षाविद आशा देवी, पूर्व डीआईजी एसके पांडेय, बीके रचना, बीके ऊषा, बीके मोना, बीके नीतू, बीके मधु समेत काफी संख्या में बीके भाई-बहन मौजूद रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion