2026-03-27 20:23:20
बुलन्दशहर । थाना नरसैना क्षेत्र के ग्राम घूंघरावली के जंगल में 15 मार्च 2026 को रजवाहे के किनारे मिले महिला के सिर कटे शव के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। स्वाट टीम और नरसैना पुलिस ने 27 मार्च 2026 को घटना में शामिल वांछित अभियुक्त सचिन पुत्र रोहताश निवासी ग्राम सुलेला (थाना नरसैना) को हत्या में प्रयुक्त दाव (आलाकत्ल) सहित गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने 18 मार्च को अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में 22 मार्च को सोशल मीडिया के माध्यम से मृतका की पहचान बबली पत्नी स्व. अजय निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही 23 मार्च को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।