2026-03-27 23:40:33
रेवाड़ी, 27 मार्च। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी अमित वर्मा ने शुक्रवार को सेफ हाउस का निरीक्षण किया। सचिव अमित वर्मा ने निरीक्षण के दौरान वहां उपस्थित स्टाफ से वैवाहिक जोड़ों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी। उन्होंने सेफ हाउस के इंचार्ज को निर्देश दिए कि जो भी वैवाहिक जोड़े वहां रुकने के लिए आए उनके कागजात सही रूप से चेक किए जाए तथा उनका रिकॉर्ड रखा जाए। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उनकी हर संभव सहायता के लिए तत्पर है। सीजेएम अमित वर्मा ने बताया कि कानूनी सहायता और उनकी सेवाओं के बारे में सभी को जागरूक किया जाए ताकि कानून की सहायता का लाभ उठा सके। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए कार्यरत है। विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के लिए निशुल्क कानूनी सेवाओं की पेशकश करना व साथ में उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने का प्रयास करता है। उन्होंने बताया कि लीगल एड द्वारा सीनियर सिटीजन, महिलाएं, बच्चो, अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों व तीन लाख से कम वार्षिक आय वाले सभी व्यक्तियों को निशुल्क में कानूनी सहायता दी जाती है और कोई भी जन कानूनी सहायता के लिए उपमंडल विधिक सेवा समिति या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क कर सकता है। इसके अलावा नालसा हेल्पलाइन 15100 पर भी संपर्क कर आमजन कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते है।