2026-03-27 20:37:26
बुलन्दशहर। प्रधानमंत्री के 28 मार्च को जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित जेवर एयरपोर्ट के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। एडीजी मेरठ जोन श्री भानु भास्कर एवं डीआईजी मेरठ रेंज श्री कलानिधि नैथानी ने जिलाधिकारी श्रुति एवं एसएसपी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ बुलंदशहर से चोला, ककोड़, झाझर होते हुए जहांगीरपुर के रास्ते जेवर एयरपोर्ट तक जाने वाले मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम में बुलंदशहर से जाने वाली बसों एवं अन्य वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा सभी कर्मचारी निर्धारित समय से उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। साथ ही जनपद बुलंदशहर से गौतमबुद्धनगर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान तैयार कर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर श्री प्रखर पांडेय, सीओ सिकंदराबाद भास्कर, सीओ खुर्जा शोभित कुमार सहित संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे।