2026-03-27 19:29:17
रामनवमी के पावन अवसर पर जनपद की शिक्षा व्यवस्था को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली। ब्यूरो चीफ सोनभद्र अरविन्द गुप्ता। सोनभद्र। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में नव निर्मित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय का उद्घाटन जिलाधिकारी बद्रीनाथ नाथ सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। उद्घाटन के बाद दोनों अधिकारियों ने कार्यालय में औपचारिक प्रवेश कर सभी कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में शेष बचे अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित कार्यदाई संस्था को दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी नए शैक्षिक सत्र से कार्यालय का संचालन व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षा संबंधी कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता भी बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला परियोजना अधिकारी विनीत सिंह सहित जनपद के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी विकास खंडों के खण्ड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कार्यालय स्टाफ की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन शिक्षा जगत के लिए एक प्रेरणादायक पहल बन गया।