2026-03-28 01:05:56
त्रिनेत्र न्यूज रेवाड़ी। राम नवमी के पावन अवसर पर कैलाशपुर (ढाणी जाटूसाना) स्थित प्रसिद्ध मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामचंद्र सर्वदेव मंदिर में भव्य धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। यह पहली बार था जब इतने बड़े स्तर पर आस्था, सेवा और मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत हवन-पूजन से किया गया। इसके पश्चात 265 महिलाओं की सहभागिता से भव्य एवं श्रद्धामयी कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत कर दिया और लोगों में धार्मिक जागरूकता का संचार किया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों से पधारे संत-महात्माओं, जिनमें श्रद्धेय स्वामी धीरज गिरी महाराज (गोकलपुर), स्वामी समर्पनानंद महाराज (श्रीमद् भागवत सेवा आश्रम, दडोली), बहन निर्मला (ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय, कोसली), आचार्य नीरज मेंधार्थी (महेंद्रगढ़), सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सैनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पुजारियों, गौशाला समितियों एवं धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं का भव्य स्वागत किया गया। सभी संत-महात्माओं को सम्मानस्वरूप वस्त्र एवं दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध देशी घी से निर्मित भंडारे एवं प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें 5000 से अधिक लोगों ने सुबह से शाम तक प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत सुप्रसिद्ध कलाकार महाशय अमित चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक रागिनी कार्यक्रम ने वातावरण को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया तथा उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया शिव राम सेवा संस्थान के संयोजक डॉ. टी. सी. राव ने बताया कि इस पावन अवसर पर समाजसेवा को विशेष प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 9 महिलाओं की स्तन कैंसर जांच (मैमोग्राफी) निःशुल्क की गई, जिसकी सामान्य लागत लगभग ₹11,000 होती है। दंत चिकित्सा शिविर में 105 लोगों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया। पार्क हॉस्पिटल, गुरुग्राम की विशेषज्ञ टीम द्वारा 200 से अधिक लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 70 यूनिट रक्त एकत्रित किया। रेवाड़ी से आई फैट एनालिसिस टीम द्वारा 80 से अधिक लोगों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। शिव राम सेवा संस्थान के अध्यक्ष कैप्टन रामकिशन ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। 2 पोस्ट ग्रेजुएट छात्राओं को 1-1 लैपटॉप दिए व ग्रेजुएट की शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹5100 की नगद राशि प्रदान की गई, जबकि 10वीं, 12वीं एवं स्नातक स्तर पर अध्ययनरत विद्यार्थियों को ₹2500 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। यह पहल युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कैप्टन रामकिशन ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि संस्थान के संयोजक डॉ. टी. सी. राव द्वारा क्षेत्र में अनेक विकासात्मक एवं जनहितकारी कार्य किए गए हैं, जिनमें राम नारायण ई-लाइब्रेरी का निर्माण जिसमें 8 पंखे, ए.सी., महिलाओं के लिए शौचालय का नवीनीकरण व नाहड़ लाइब्रेरी का विस्तार, सुंदरह में ई-लाइब्रेरी की स्थापना, जाटूसाना लाइब्रेरी में कंप्यूटर व वाटर कूलर उपलब्ध कराना, जाटूसाना प्राईमरी स्कूल में वाटर कूलर उपलब्ध कराया तथा ईसीएचएस धारूहेड़ा में पूर्व सैनिकों के लिए सुविधाओं का विस्तार शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि डॉ. टी. सी. राव द्वारा जाटूसाना गौशाला हेतु पशुओं के लिए एक एम्बुलेंस दान की गई है, जो क्षेत्र की 8 गौशालाओं में पशुओं की सेवा में काम करेगी। इसके साथ ही ग्रामीण उत्थान भारत निर्माण संस्था द्वारा शिव राम सेवा संस्थान को प्राचीन मंदिर व मर्यादा पुरूषोत्तम श्री रामचंद्र सर्वदेव मंदिर को 11 लाख रूपए भी दान दिए। कार्यक्रम के अंत में सभी संत-महात्माओं, अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा प्रोत्साहन एवं सामुदायिक विकास का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वीर कुमार (वरिष्ठ भाजपा नेता) रहे। इसके साथ ही कर्नल मुनीलाल यादव, कर्नल महावीर यादव, कर्नल सुनील यादव, कर्नल जल सिंह भाटोटिया, कर्नल गोपाल सिंह, मेजर श्रीराम सिंह, जगफूल यादव (पूर्व जिला प्रमुख), प्रेम सिंह (प्रधानाचार्य), रविन्द्र आशावादी, मदन कोसलिया, डॉ. दारा सिंह (पंच), सत्यवीर नाहडि़या, नरेश चौहान, विक्रम सरपंच बोहतवास, राजपाल प्रधान व विक्रम सिंह (पंच) आदि उपस्थित रहे।