2026-03-28 22:06:54
मेरठ। रवि शर्मा ब्यूरो चीफ मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने शनिवार को थाना भावनपुर का औचक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेख, शस्त्रागार, मालखाना, सीसीटीवी व्यवस्था, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का अवलोकन किया। साथ ही मैस, बैरक और शौचालयों की स्वच्छता की भी जांच की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान थाना परिसर में मौजूद फरियादियों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसएसपी अविनाश पांडे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनशिकायतों का पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस व्यवस्था पर लोगों का विश्वास मजबूत हो।