2026-03-28 22:21:28
कालपी (जालौन) अवैध खनन और ओवरलोडिंग के मुद्दे पर बढ़ते दबाव के बीच प्रशासन ने एक बार फिर देर रात कार्रवाई कर 6 बालू लदे डम्परों को पकड़कर सीज कर दिया। यह अभियान उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्राम अकबरपुर इटौरा में चलाया गया, जहां बिना रॉयल्टी और जरूरी प्रपत्रों के फर्राटा भर रहे वाहनों पर शिकंजा कसा गया। कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, खनन निरीक्षक कुलदीप कुमार, एआरटीओ विभाग और आटा थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पकड़े गए सभी डम्परों को नवीन गल्ला मंडी परिसर में खड़ा कर सीज कर दिया गया। लेकिन इस पूरे एक्शन पर सवालों का तूफान भी खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि ये छापे सिर्फ ‘दिखावे की कार्रवाई’ बनकर रह गए हैं, क्योंकि असली खनन के बड़े ठिकानों पर अब भी कोई ठोस चोट नहीं की जा रही। गौरतलब है कि 25/26 मार्च को भी इसी तरह 6 डम्पर पकड़े गए थे, लेकिन उसके बाद भी अवैध खनन का खेल बिना किसी डर के जारी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है क्या ये छापेमारी सिर्फ कागजी सख्ती है या वाकई खनन माफियाओं की जड़ों तक पहुंचेगी? प्रशासन भले ही सख्ती के दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत अब भी सिस्टम के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है।