2026-03-27 20:58:52
कालपी (जालौन) नगर के मोहल्ला आलमपुर में गुरुवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए युवक को तत्काल फंदे से उतारकर उसकी जान बचा ली। पुलिस की सूझबूझ और तेजी से कार्रवाई के चलते युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी ले जाया गया, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. शेख शहरयार ने प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत को स्थिर किया। फिलहाल युवक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है कि आखिर युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।