2026-03-27 21:21:18
रामपुरा (जालौन) विकास खंड रामपुरा के ग्राम कदमपुरा में बहुजन समाज पार्टी की कोंच–माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बूथ व सेक्टर स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद संगठन के अंदरूनी मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं। बैठक के तुरंत बाद वायरल हुई तस्वीरों और सोशल मीडिया पोस्ट ने माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में “लालाराम हटाओ, बुंदेलखंड बचाओ” जैसे तीखे नारे सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक गुट ने लाला राम पर लंबे समय से पद पर जमे रहने और प्रभाव के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं, जबकि समर्थक गुट इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सबूत मांग रहा है। सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2017 से लगातार पद पर बने रहने को लेकर उरई, कोंच, कालपी और माधौगढ़ क्षेत्र में कई बार असंतोष की चिंगारी उठ चुकी है, लेकिन हर बार मामला दबा दिया गया। अब यह विवाद खुलकर सामने आने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी और भी बढ़ती नजर आ रही है। हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं ने संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, कुछ जिम्मेदार कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव को देखते हुए आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने की अपील की है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह विवाद अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा मुद्दा बन चुका है।