2026-03-27 21:08:33
दबंगई का आरोप, गांव में दहशत—पुलिस ने दोनों पक्ष उठाए, जांच तेज उरई (जालौन) जनपद के कुकरगांव में बाल कटवाने के पैसे को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। सैलून में हुई कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हो गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। मिली जानकारी के मुताबिक बबलू बबेले पुत्र ज्ञानचंद्र बबेले ने गांव के ही समीर पुत्र मुस्ताक, जो सैलून संचालक है, से बाल कटवाने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई और फिर हिंसक मारपीट में बदल गई। हंगामे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया, लेकिन तब तक माहौल काफी गरमा चुका था। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को गंभीर देखते हुए कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद हल्का इंचार्ज संतोष कुमार यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बबलू बबेले पहले भी इस तरह के विवादों में शामिल रहा है और कई बार काम कराने के बाद भुगतान को लेकर झगड़ा कर चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।