2025-03-19 19:36:54
श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर व बाल सेवा आश्रम, कैमरी का पांच दिवसीय 50वां वार्षिकोत्सव स्वर्ण जयंती महोत्सव ब्रह्मलीन दयालदास महाराज के आशीर्वाद से व परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सान्निध्य में आज आश्रम के प्रांगण में शुरु हो गया। यह जानकारी देते हुए श्रीकृष्ण प्रणामी सर्व कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी राजदास महाराज ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा से की गई। कैमरी गांव में स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर से आश्रम तक निकाली गई कलश यात्रा में सैंकड़ों महिलाओं ने एक जैसी ड्रेस पहनकर भाग लिया। बैंड बाजों व ढोल-ढमाकों के साथ गांव की गलियों से गुजरी कलश यात्रा में लोग भजनों पर घंटों तक झूमते रहे। आश्रम पहुंचने पर सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया। दोपहर को 108 श्रीमद्तारतम पारायण महायज्ञ किया गया जिसमें स्वामी जगतराज महाराज, दिव्यानंद महाराज, मुकुंदशरण महाराज के अलावा हजारों लोगों ने भाग लिया। महायज्ञ के समापन पर गुरुजनों का संबोधन व श्रीकृष्ण कथा का शुभारंभ किया गया। महोत्सव में हरियाणा के अलावा दूसरे प्रदेशों से भी श्रद्धालुओं ने भाग लिया। स्वामी राजदास महाराज ने बताया कि 20 मार्च को प्रात: 7:15 बजे 108 पारायण पाठ प्रारंभ किया जाएगा। 9:15 बजे से विवधि मंच कार्यक्रम, दोपहर बाद श्रीप्राणनाथ नाटिका मंचन व श्रीकृष्ण कथा तथा रात्रि 8:15 बजे हरियाणवी लोक गायक रामधन गोस्वामी द्वारा भजन संध्या की जाएगी। 21 मार्च को प्रात: 7:15 बजे 108 पारायण प्रारंभ, प्रात: 9:15 बजे से विविध मंच, दोपहर बाद संत सम्मेलन व श्रीकृष्ण कथा, रात्रि 8:15 बजे राजस्थानी लोक गायक व हास्य कलाकार सुनील छिम्पा द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। 22 मार्च को प्रात: 7:15 बजे 108 पारायण प्रारंभ, प्रात: 9:15 बजे से विविध मंच, दोपहर बाद देश के प्रतिष्ठित वीर रस एवं हास्य रस के कवियों द्वारा प्रस्तुति व श्रीकृष्ण कथा की जाएगी। समारोह के अंतिम दिन 23 मार्च को प्रात: 9:15 बजे श्री108 पारायण पूर्णाहुति, श्रीकृष्ण कथा की पूर्णाहुति के बाद भंडारा चलाया जाएगा।