2026-03-26 19:05:39
यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला बुलडोजर, सोनभद्र पुलिस की सख्त कार्रवाई। ब्यूरो चीफ सोनभद्र अरविन्द गुप्ता। सोनभद्र/ लोढ़ी। सोनभद्र में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अनोखा और सख्त अभियान चलाया। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर लोढ़ी टोल प्लाजा के पास चलाए गए इस अभियान में तेज आवाज में गाने बजाने वाले ट्रकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमों के विरुद्ध लगाए गए लाउडस्पीकरों को मौके पर ही उतरवाकर बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। एएसपी अनिल कुमार और सीओ रणधीर मिश्रा की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे वाहनों को चिन्हित किया, जो तेज ध्वनि और फूहड़ गानों से आम लोगों को परेशान कर रहे थे। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर नियमों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण से बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी होती है और इससे सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है। तेज आवाज के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इस कार्रवाई को प्रदेश में पहली बार की गई सख्त पहल माना जा रहा है, जिसने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती लगातार जारी रहेगी।