2026-03-03 14:18:02
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने जिला वासियों को होली के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का त्योहार सौहार्द, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखें। डीसी अभिषेक मीणा ने अपने संदेश में कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक पर्व है। इस अवसर पर रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का उपयोग करें, ताकि स्वास्थ्य एवं पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकें। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि होली खेलते समय पानी का मितव्ययिता से प्रयोग करें। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि त्योहार के उल्लास में अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि से दूर रहें। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखें और सभी मिलजुल कर प्रेम, सद्भाव व आपसी विश्वास के साथ रंगों का त्योहार मनाएं तथा जिले की समृद्ध परंपराओं को आगे बढ़ाएं।