2025-09-12 17:03:44
हजारीबाग उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद ने केरेडारी प्रखंड का दौरा किया। उन्होंने प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों साथ समीक्षा बैठक की।इस दौरान उप विकास आयुक्त ने विशेष रूप से मनरेगा योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अन्य लोकहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गति सुनिश्चित करने पर बल दिया। आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पूर्ण आवासों का स्थल निरीक्षण भी किया। लाभुकों से मिलकर योजनाओं की प्रगति की स्थिति जानी तथा किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पाया कि कुछ आवास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र गति से कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने कार्यस्थलों का भौतिक सत्यापन किया तथा मजदूरों की उपस्थिति, भुगतान की स्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि मजदूरों के भुगतान में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए तथा कार्य स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए।