उत्कृष्ट सामाजिक सेवा कार्यों के लिए डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय मिला राज्यस्तरीय सम्मान

वर्ष दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड समारोह में एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय
News

2026-02-03 15:06:06

पंचकूला : उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा आयोजित राज्य-स्तरीय सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवा कार्यों के लिए डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को सम्मानित किया गया। यह सम्मान हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष द्वारा प्रदान किया गया। सोमवार को हरियाणा लोकभवन, चंडीगढ़ में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में डॉ. पाण्डेय को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं 21,000 रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सेक्टर-1, पंचकूला में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।

डॉ. पाण्डेय इससे पूर्व विगत वर्ष दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड समारोह में एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय, नई दिल्ली के अंतर्गत हरियाणा राज्य के दल नायक की जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके इस दायित्वपूर्ण योगदान को भी एनएसएस के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि के रूप में देखा जाता है। उन्होंने एनएसएस के माध्यम से युवाओं को समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता, ग्रामीण विकास और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े कार्यक्रमों से जोड़ने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर माननीय राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा कि एनएसएस जैसे कार्यक्रम युवाओं में सेवा-भाव, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करते हैं तथा ऐसे समर्पित कार्यक्रम अधिकारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। डॉ. पाण्डेय की इस उपलब्धि पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कॉलेज स्टाफ एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और इसे संस्थान तथा पंचकूला जिले के लिए गौरव का विषय बताया।

सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने इसे एनएसएस स्वयंसेवकों, सहयोगियों एवं संस्थान का सामूहिक सम्मान बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion