2026-03-26 19:12:20
सोनभद्र में 350 जोड़ों का सामूहिक विवाह, सामाजिक एकता का दिखा संदेश। ब्यूरो चीफ सोनभद्र अरविन्द गुप्ता। सोनभद्र/चोपन। सोनभद्र के चोपन नगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 350 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इस आयोजन में चोपन, कोन, बभनी, म्योरपुर और दुद्धी ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों के वर-वधुओं ने भाग लिया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के दो जोड़ों का निकाह भी कराया गया, जिससे सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़ उपस्थित रहे। वहीं जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की मौजूदगी में पूरा आयोजन प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से एक लाख रुपये की सहायता राशि और घरेलू उपयोग का सामान भी वितरित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। यह आयोजन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद सहायक साबित हुआ। कार्यक्रम की सफलता ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावशीलता को भी उजागर किया।