2025-08-30 16:52:21
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शनिवार को जापान के विभिन्न राज्यों के राज्यपालों से मुलाकात की। इस बातचीत में सोलह राज्यपालों ने भाग लिया। इस दौरान, अपने संबोधन में, पीएम मोदी ने कहा कि भारत-जापान के समकालीन संबंध, दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों से शक्ति प्राप्त करते हुए, निरंतर फल-फूल रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की गति पर प्रकाश डालते हुए पीएम मोदी ने इस बात पर बल दिया कि अब समय आ गया है कि राज्य-प्रान्त संबंधों को नए सिरे से बढ़ावा दिया जाए, जो टोक्यो और दिल्ली तक सीमित संबंधों से आगे बढ़े। इस संदर्भ में, उन्होंने 15वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में शुरू की गई राज्य-प्रान्त साझेदारी पहल को रेखांकित किया, जो दोनों देशों के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन, कौशल, सुरक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देगी। उन्होंने राज्यपालों और भारतीय राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे नई पहल का लाभ उठाएं और विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, नवाचार, गतिशीलता, अगली पीढ़ी के बुनियादी ढांचे, स्टार्ट-अप और एसएमई के क्षेत्र में साझेदारी बनाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर गौर किया कि जापान के प्रत्येक प्रांत की अपनी विशिष्ट आर्थिक और तकनीकी ताकत है, तथा इसी प्रकार भारतीय राज्यों की भी अपनी विविध क्षमताएं हैं, और इसके लिए उन्होंने राज्यपालों को भारत की विकास गाथा में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने उनसे दोनों देशों द्वारा की गई युवा एवं कौशल आदान-प्रदान प्रतिबद्धताओं में योगदान देने तथा जापानी प्रौद्योगिकी को भारतीय प्रतिभा के साथ बेहतर ढंग से संयोजित करने का आग्रह किया। वहीं, राज्यपालों ने कहा कि भारत-जापान व्यापार, शैक्षिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संबंधों को अगले स्तर तक ले जाने के लिए उप-राष्ट्रीय सहयोग महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर जापान हैं। कल शुक्रवार को टोक्यो पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। राजस्थानी परिधान में सजी जापानी महिलाओं ने लोकगीत गाकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के बीच 15वें भारत-जापान शिखर सम्मेलन में कई अहम समझौते भी हुए