2025-09-06 22:52:25
देवरिया। धान की फसल के लिए जरूरी समय में यूरिया खाद की भारी कमी और बढ़ती कालाबाजारी से परेशान किसानों की आवाज़ अब सड़कों तक पहुंच गई है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों ने देवरिया के सुभाष चौक पर जोरदार प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारी अपने सिर पर खाद की खाली बोरियां रखे, हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थे, जिन पर सरकार विरोधी नारे लिखे गए थे। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है और खाद माफियाओं को खुली छूट दी गई है। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि धान की फसल के लिए यह सबसे संवेदनशील समय है, लेकिन बाजार और समितियों से यूरिया गायब है। इसकी कालाबाजारी कर किसानों को शोषण का शिकार बनाया जा रहा है। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिव्यांश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार का डबल इंजन मॉडल कागजों तक सीमित है। जब किसानों को समय पर खाद ही नहीं मिलेगी, तो कृषि उत्पादन कैसे सुरक्षित रहेगा?छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि किसान पहले ही महंगे बीज, खाद और बिजली से त्रस्त हैं, और अब यूरिया संकट ने उनकी मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष खुर्शीद आलम अंसारी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को जल्द राहत नहीं मिली, तो समाजवादी नौजवान सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला उपाध्यक्ष हरिकेश यादव ने कहा, यह बेहद शर्मनाक है कि अन्नदाता खेतों में खड़ा होकर यूरिया के लिए तरस रहा है, और सरकार चैन की बंसी बजा रही है। खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा शासन किसानों को अपने हाल पर छोड़ चुका है। समाजवादी पार्टी किसानों के हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है और यह आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता। प्रदर्शन में धीरज यादव,हरिकेश यादव, आशीष गुप्ता,जावेद अंसारी,लाॅरेब रहमान,आजम अहमद, मुराद, दिग्विजय मणि,गिरीश जायसवाल सहित सैकड़ो की संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे