2025-04-07 22:40:17
हिसार के कैंट क्षेत्र में एक फिजियोथेरेपी सेंटर संचालक महिला पर पति ने हॉकी से हमला किया। झगड़े का आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ को देखकर पति मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति कई दिनों से उस पर गलत शक कर रहा था। इसी कारण 2 मार्च को दोनों के बीच घर पर झगड़ा हुआ था। इस मामले में पीड़िता ने पहले ही थाना अग्रोहा में शिकायत दर्ज कराई थी। रात करीब 8:30 बजे जब पीड़िता कुलेरी गांव के बस स्टैंड पर एक दुकान से सामान खरीद रही थी। तभी उसका पति हॉकी लेकर वहां पहुंचा। उसने पीछे से पीड़िता की टांगों पर कई वार किए। जब पीड़िता वहां से भागने लगी तो उसने रास्ता रोककर उसके कंधे पर भी हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। झगड़े की आवाज सुनकर लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ को देखकर आरोपी पति सतवीर अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता के चचेरे भाई ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।