2025-04-11 22:31:36
अलीगढ़। मडराक थाना क्षेत्र में आगरा-मथुरा रोड पर शुक्रवार सुबह एक बाइक और ई-रिक्शा में भीषण भिड़ंत हो गई। आमने सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें बाइक सवार समेत ई-रिक्शा में बैठे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद तीन गंभीर घायल मजदूरों को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मडराक थाना क्षेत्र में सुबह हुए भीषण हादसे में तीन लोग गंभीर घायल हैं, यह तीनों एक ही परिवार के हैं। घायल होने वालों में 22 वर्षीय करन, 24 वर्षीय बबलू व 28 वर्षीय मुकेश शामिल है। तीनों मडराक थाने के सहारनपुर गॉव के रहने वाले हैं। करन के पिता हरिशंकर ने बताया कि उनका बेटा, भतीजा बबलू और चाचा का लड़का मुकेश तीनों सुबह मजदूरी करने के लिए निकले थे। यह लेबर मंडी जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया है। तीनों के छाती और सिर पर चोटें बताई जा रही हैं, जिसके कारण इन्हें मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।