2026-02-03 15:08:36
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने गत वर्ष अगस्त माह में सरकुलर रोड रेवाड़ी निवासी एक व्यक्ति से शेयर मोर्केट में निवेश के नाम पर 36.18 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान एमपी के जिला इंदोर के शीलनाथ कैंप शंकर का बगीचा निवासी हर्ष कदम व जिला इंदोर के विंद्या पैलेस एअरपोर्ट रोड निवासी दीपक सिंह चौहान के रूप में हुई है ।
जांचकर्ता ने बताया की गत वर्ष 23 अगस्त को सरकुलर रोड रेवाड़ी निवासी धीरज शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने सोशल मीडिया पर शेयर मार्केट में निवेश करने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर अंकित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर उसे शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने के टिप्स दिए गए।
इसके बाद उससे अलग-अलग खाता नंबरों पर शेयर खरीदने के लिए पैसे ट्रांसफर कराने शुरू कर दिए। उससे 20 जुलाई से 19 अगस्त तक 10 बैंक खातों में कुल 36,18,080/- रुपये ट्रांसफर करा लिए। उसके शेयर खाते में लगभग 4.33 करोड़ रुपये दर्शाए गए। जब उसने राशि निकालने का प्रयास किया, तो उससे 10 लाख रुपये और ट्रांसफर करने को कहा गया। इसके बाद उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ। जिस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।
जो जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को मामले में संलिप्त दो आरोपी एमपी के जिला इंदोर के शीलनाथ कैंप शंकर का बगीचा निवासी हर्ष कदम व जिला इंदोर के विंद्या पैलेस एअरपोर्ट रोड निवासी दीपक सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के जॉइंट बैंक खाते में ठगी के 10 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।