2025-07-11 15:04:15
अलीगढ़। बाइक के साइलेंसर की तेज आवाज को लेकर एक दर्जन दबंगों ने घर मे घुसकर युवक और उसकी पिटाई कर, लाठी डंडे से प्रहार कर दोनो को घायल कर दिया। घटना के वक्त पीड़ितों के परिजन खेत पर गए थे। गुरुवार देर रात्रि घायल मां बेटे को पुलिस ने जिला अस्पताल भेज दिया। पीड़ित परिवार ने दबंगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। टप्पल थाना इलाके के गांव रामगढ़ी के रहने वाले कन्छ कुमार किसान हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले उनका भतीजा बाइक में तेल डलवाने पास के ही एक पेट्रोल पंप पर गया था। जहां बाइक के साइलेंसर की तेज आवाज होने के चलते कुछ दबंगों से उसका विवाद हो गया। भतीजे की दबंगों ने पिटाई कर दी। लेकिन कुछ लोगों ने बीच बचाव कर भतीजे को घर भेज दिया था। गुरुवार को खेत पर गए हुए थे। घर मे भतीजा तोता और उसकी मां ओमवती थे। आरोप है तभी एक दर्जन से अधिक दबंग घर मे घुस गए। सभी शराब के नशे में थे। उनके हाथों लाठी डंडे थे। दबंगों ने मां बेटे को बेरहमी से पीटा। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए। जिसके बाद आरोपी भाग गए। घटना की सूचना पर परिजन घर आ गए। सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस घटनास्थल पर आ गई। परिवार वाले घायल मां बेटे को थाने लेकर पहुंचे। इसके बाद दोनों सीएचसी टप्पल पहुंचे। जहां से डॉक्टर ने घायलों की हालत गम्भीर देख गुरुवार देर रात्रि जिला अस्पताल मलखान सिंह सिंह रेफर कर दिया। ईएमओ डॉक्टर के मुताबिक घायल ओमवती और उनके बेटे तोता का इलाज जारी है।