सफाई कर्मियों ने वेतन कटौती का विरोध कर किया प्रदर्शन, पुलिस से नोंकझोंक

वेतन कटौती से नाराज सफाई कर्मियों ने शनिवार को जमकर प्रदर्शन किया। हाथ में झाडू-पंजा लेकर एक हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारी सासनी गेट चौराहे पर एकत्रित हुए और जाम लगा दिया।
News

2025-07-12 19:43:28

अलीगढ़। वेतन कटौती से नाराज सफाई कर्मियों ने शनिवार को जमकर प्रदर्शन किया। हाथ में झाडू-पंजा लेकर एक हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारी सासनी गेट चौराहे पर एकत्रित हुए और जाम लगा दिया। वह नगर निगम और मेयर के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। जब चौराहे पर जाम की सूचना पुलिस को मिली तो क्षेत्रीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सफाई कर्मचारियों को रास्ता खाली करने के लिए समझाया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए और नारेबाजी करते रहे। इस दौरान पुलिस और सफाई कर्मचारियों की नोकझोंक भी हुई। लगभग दो घंटे हंगामा चलने के बाद काफी मुश्किल से जाम खुलवाया गया। सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष विशाल चंदेल ने बताया कि शनिवार को सफाई कर्मचारियों का वेतन आया है। सभी कर्मचारियों का वेतन कटकर आया है और इसका कोई कारण भी नहीं बताया गया है। जब कर्मचारियों ने इसके बारे में अधिकारियों से पूछा तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारी सुबह 6 बजे से काम करने में जुट जाते हैं और देर रात तक काम करते रहते हैं। उनकी छुट्टी का कोई समय नहीं होता है। त्योहार के दौरान उनकी ड्यूटी डबल कर दी जाती है। इसके बाद भी बिना कारण ही उनके वेतन की कटौती की जा रही है, जो कि गलत है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया है। सफाई यूनियन के अध्यक्ष ने नगर निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने कर्मचारियों के दस्तावेजों का गलत तरीके से दुरप्रयोग किया है। पहले उन्हें नगर निगम में रखा गया था, लेकिन बाद में उन्हें निजी कंपनी को स्थानांतरित कर दिया गया। अब वह सुकमा कंपनी के साथ काम कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना था कि अगर अधिकारी उनकी मांग नहीं सुनेंगे और वेतन कटौती को पूरा नहीं किया जाएगा, तो सफाई कर्मचारी आंदोलन करेंगे। वह काम-काज ठप कर देंगे और हड़ताल शुरू कर देंगे। वहीं कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनकी समस्या को हल किया जाएगा। इसके बाद सफाई कर्मियों ने जाम खोला गया है। सफाई कर्मचारी सुबह ही 9 बजे से ही प्रदर्शन करने पहुंच गए थे। देखते ही देखते एक हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारी सासनी गेट चौराहे पर जमा हो गए और आंदोलन शुरू कर दिया। सफाई कर्मियों के प्रदर्शन के कारण चौराहे पर जाम लग गया। 10 बजे से जाम की स्थिति बन गई, जो दोपहर 12 बजे तक जारी रही। काफी मान मनौव्वल के बाद कर्मचारी माने और जाम खुलवाया जा सका।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion