2025-07-12 19:44:16
अलीगढ़। गोरई थाना क्षेत्र में इगलास गोरई मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर के कारण पिता गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उसका पुत्र हादसे में बाल-बाल बचा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी वाहन चालक टक्कर मारने के बाद किसान को अपने साथ घसीटता हुआ काफी दूर तक ले गया था। जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पूरे शरीर में चोटें आई थी। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। गोरई के गांव शाहपुर ठठोई निवासी महेश कुमार किसान थे। अपने खेतों के साथ ही उन्होंने गांव से कुछ खेत और ले रखे थे, जिसमें फसल करके वह अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। शुक्रवार दोपहर को वह अपने 10 वर्षीय बेटे विष्णु को लेकर सिंचाई के लिए डीजल लेने जा रहे थे। गांव के लोगों ने बताया कि जैसे ही वह गांव के खपरिया बंबा के पास पहुंचे थे तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। वाहन की टक्कर से बेटा उछल के खेत में जा गिरा। खेत में पानी भरा था, जिसके कारण उसे ज्यादा चोटें नहीं आई। लेकिन महेश को आरोपी वाहन अपने साथ घसीटता हुआ ले गया और वह गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस और गांव के लोगों ने घायल किसान को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। लेकिन बाद में किसान की हालत खराब होने लगी, जिसके बाद उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। एंबुलेंस किसान को लेकर मेडिकल कालेज जा रही थी। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मेडिकल कालेज में डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर अंत्य परीक्षण के लिए पोस्टमार्टम गृह के लिया भेज दिया। गोरई थाना प्रभारी ने बताया कि अंत्य परीक्षण कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है, जल्दी ही उसका पता लगा लिया जाएगा।